रेलवे डिजिटल रिफंड का स्टेटस जानना हुआ आसान

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे डिजिटल रिफंड का स्टेटस जानना हुआ आसान


नेक्स्ट जेन पीआरएस में सुविधा शुरू, पीएनआर या आरआरएन नंबर से मिलेगी जानकारी

जोधपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। रेलवे टिकट के डिजिटल रिफंड की स्थिति जानने के लिए यात्रियों को अब अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में नेक्स्ट जेन पीआरएस में डिजिटल रिफंड की स्थिति जांचने की सुविधा शुरू कर दी गई है। इससे यात्री अपने रिफंड की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

नेक्स्ट जेन पीआरएस के पूछताछ सुविधा में ए-7: डिजिटल रिफंड स्टेटस चेक विकल्प सक्रिय किया गया है। इसके माध्यम से यात्री पीएनआर नंबर अथवा आरआरएन नंबर के आधार पर डिजिटल रिफंड की स्थिति जांच सकेंगे। इससे रिफंड से संबंधित जानकारी के लिए यात्रियों को अलग से पूछताछ करने की जरूरत कम होगी।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि नेक्स्ट जेन पीआरएस में डिजिटल रिफंड स्टेटस जांचने की सुविधा शुरू होने से यात्रियों को रिफंड की स्थिति जानने में आसानी होगी। पीएनआर या आरआरएन नंबर के माध्यम से रिफंड संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। स्टेशन और आरक्षण काउंटरों पर तैनात कर्मचारियों को भी यात्रियों की सहायता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। रेलवे प्रशासन ने सभी स्टेशन और आरक्षण काउंटर स्टाफ को इस सुविधा की जानकारी रखने तथा डिजिटल रिफंड से संबंधित समस्या होने पर यात्रियों की मदद करने के निर्देश दिए हैं। नई सुविधा से रिफंड संबंधी पूछताछ में समय की बचत होने के साथ यात्रियों को अधिक व्यवस्थित सेवा मिल सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story