रेलकर्मी नींव की तरह मजबूत होकर काम करें: डीआरएम
यूपीआरएमएस की सेफ्टी सेमिनार आयोजित
जोधपुर, 08 सितम्बर (हि.स.)। रेलकर्मी नींव की तरह अपने कर्तव्य का निष्पादन करेंगे तब ही रेल मजबूत होगी। यह बात जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने मंगलवार को सामुदायिक भवन में आयोजित सेफ्टी सेमिनार को संबोधित करते हुए कहा।
डीआरएम त्रिपाठी ने कहा कि सभी एईएन, सुपरवाइजर अपनी ड्यूटी नियमानुसार करेंगे और अपने निरीक्षक के कार्यों का निरीक्षण करेंगे तब सेफ्टी कंट्रोल होगा। सीनियर डीएसओ रामनिवास जाट ने कहा कि बिना संरक्षा हम सुरक्षित नहीं है। कर्मचारी कंधा से कंधा मिलाकर अपने कर्तव्य का निष्पादन करें और सभी विभाग आपस सामंजस्य रखें। यूपीआरएमएस के जोनल अध्यक्ष एसआई जैकब ने कहा कि संरक्षा को सर्वोपरि मान कर ड्यूटी करें। यूपीआरएमएस के जोनल महामंत्री विनोद मेहता ने कहा कि ट्रेनों का सुरक्षित संचालन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मेहता ने कहा कि सेफ्टी से समझौता नहीं करे। कार्यकारी महामंत्री अजय शर्मा ने कहा रेलकर्मी सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए अपना सर्वस्व लगा दे। शर्मा ने कहा कि यूपीआरएमएस द्वारा निरंतर इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं। मंडल सचिव ललित गर्ग ने सेफ्टी सेमिनार से रेलकर्मियों को नवीन जानकारी मिलती है। इससे पूर्व यूपीआरएमएस मंडल कार्यालय से सेफ्टी रैली निकाली गई।
कार्यक्रम में एएलपी बुक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में शंकर सिंह भाटी, गौरव गोदारा, मंजू आजाद, राजेश शर्मा, दिनेश शर्मा, कानाराम पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

