रिव्यू के आधार पर हाेगा वैज्ञानिकों की क्षमताओं का बेहतरीन उपयोग
बीकानेर, 25 अप्रैल (हि.स.)। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के टीचिंग स्टाफ की रिव्यू रिपोर्ट को इंक्रीमेंट से जोड़ा जाएगा। सभी विभागों को अपनी पूरी क्षमता से कार्य करने के निर्देश देते हुए कुलगुरु डॉ राजेंद्र बाबू दुबे ने शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि मई माह में स्टाफ द्वारा प्रेजेंटेशन दिया जाए, जिसके रिव्यू के आधार पर वैज्ञानिकों की क्षमताओं का बेहतरीन उपयोग किया जा सकेगा। विश्वविद्यालय के मानव संसाधनों का पूर्ण उपयोग करना सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्मिक, समयबद्धता के साथ गंभीरता से कार्य करे। कुलगुरु ने महाविद्यालयों के टीचिंग स्टाफ का लेक्चर शेड्यूल उपलब्ध करवाने के लिए सोमवार तक का समय दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हित में आवश्यकता के अनुसार गेस्ट फैकल्टी ली जाए। कुलगुरु ने यूजी तथा पीजी के प्रैक्टिकल मेन्यूअल बनवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिकों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होगी।
वित्त नियंत्रक भैंरू रतन छंगाणी ने कहा कि वित्त समिति की जल्द होने वाली बैठक के मध्यनजर सभी विभाग अपने वित्त प्रस्ताव समय पर भिजवा दें, सभी स्कीमों की यूसी भिजवाए तथा बैंक रिकन्सिलिएशन स्टेटमेंट हर माह तैयार करते हुए इसे प्रस्तुत किया जाए । सभी विभागों अपने यहां रखे अनुपयोगी सामान की नीलामी करवाने के लिए भी प्रस्ताव भिजवाएं।वित्त नियंत्रक ने कहा कि सभी विभागों के अकाउंट ऑटो स्वीप स्थिति में हो ताकि विश्वविद्यालय को किसी तरह का रेवेन्यू नुकसान नहीं हो।
कुलगुरु ने कहा कि रिटायर होने वाले कार्मिक का पेंशन सेट 6 माह से पूर्व तैयार कर समस्त कार्रवाई पूरी की जाए जिससे सेवानिवृत्ति के बाद समय पर पेंशन जारी की जा सके। यदि कोई समस्या है तो प्रोविजनल पेंशन की स्वीकृति जारी हो ।
कुलगुरु ने कहा कि टेंडर में पारदर्शिता रहे और नियमों की पूरी पालना सुनिश्चित करवाई जाए। कुलगुरु ने विश्वविद्यालय की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों के द्वारा वित्त समिति को प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए।
कुलगुरु ने सभी कृषि विज्ञान केन्द्रों को सीड प्रोडक्शन की ट्रेनिंग करवाने के भी निर्देश दिए। कृषि विभाग द्वारा आयोजित होने वाले ग्राम में आधिकारिक किसानों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु विभागीय समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में सभी डीन डायरेक्टर्स उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

