रामनवमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा

WhatsApp Channel Join Now
रामनवमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा


जयपुर, 18 मार्च (हि.स.)। सांगानेर प्रताप नगर में 26 मार्च गुरुवार को श्रीराम नवमी के शुभ अवसर पर भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर श्री राम जन्मोत्सव समिति सांगानेर के सदस्यों ने बताया कि शोभायात्रा की सफलता के लिए मोती डूंगरी स्थित भगवान श्री गणेश जी को निमंत्रण देकर समिति के पदाधिकारी रविंद्र शर्मा के नेतृत्व में ब्रह्म प्रकाश शर्मा, दिलीप सिंह, रविकांत शर्मा, अशोक शर्मा, सूरज शर्मा, आदर्श दीक्षित, रिखव चंद जैन ने पोस्टर का विमोचन किया गया।

समिति के संयोजक ब्रह्म प्रकाश शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री रामनवमी पर श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा एवं विशाल वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है। शोभा यात्रा श्री दहेलावास बालाजी मंदिर में संत महात्माओं के द्वारा 4:15 बजे वैदिक मंत्रोचार के द्वारा ध्वज पूजन कर शोभायात्रा को रवाना करेंगे। शोभा यात्रा देहलावास बालाजी से रवाना होकर कुंभा मार्ग, सेक्टर 8 के मुख्य बाजार, अजय मार्ग, काली माता मंदिर, भैरू सर्कल चौराहा, शिवपुरी रोड, पिंजरापोल गौशाला, टोंक रोड होती हुई सांगानेर के स्थित त्रिपोलिया हनुमानजी के मंदिर पहुंचेगी।

शोभायात्रा में बैण्ड बाजे की मधुर धुनों पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, सीता और वीर हनुमानजी के साथ सनातन धर्म से जुड़ी विभिन्न झांकियां सजाई जाएगी। इस अवसर पर प्रमुख मार्गों पर व्यापार मंडलों एवं विभिन्न समाजसेवी संगठनों के द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। शोभा यात्रा में विभिन्न अखाड़ों के द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story