रामनवमी पर चांदपोल मंदिर में राम जन्मोत्सव पर होगी 101 हवाइयों से महाआरती

WhatsApp Channel Join Now
रामनवमी पर चांदपोल मंदिर में राम जन्मोत्सव पर होगी 101 हवाइयों से महाआरती


जयपुर, 25 मार्च (हि.स.)। रामनवमी के पावन अवसर पर गुरूवार को चांदपोल बाजार स्थित मंदिर श्री रामचंद्र जी में राम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के तहत दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि गुरूवार प्रातः 6 बजे मंगला आरती के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। सुबह 11 बजे 500 किलो दूध, इत्र, गुलाब, केसर व केवड़ा से पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। दोपहर 2 बजे श्री रामलला जन्म आरती होगी, जबकि शाम 7 बजे 101 हवाइयों की सलामी के साथ महाआरती आयोजित होगी, जिसमें हजारों महिलाएं सामूहिक आरती करेंगी।

वहीं मंदिर में 51 किलो मावा-मेवे का विशेष केक काटा जाएगा और राधिका कल्चरल सोसायटी द्वारा सांस्कृतिक संध्या, बैंड वादन तथा अलौकिक सजावट आकर्षण का केंद्र रहेगी। भगवान श्री राम दरबार को जरदोजी पोशाक और रजवाड़ी आभूषणों से सजाया जाएगा। रात्रि 10 बजे शोभायात्रा मंदिर पहुंचेगी, जहां स्वागत व बधाई गान होगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से पदयात्राएं भी मंदिर पहुंचेंगी।

इसके अलावा 27 मार्च को मंदिर परिसर में बधाई उत्सव का आयोजन किया जाएगा। महाआरती में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित संत-महंत और गणमान्यजन के शामिल होने की संभावना है। दिनभर मंगला, श्रृंगार, राजभोग, महाआरती सहित विभिन्न आरतियों का आयोजन निर्धारित समय अनुसार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story