राजीविका द्वारा राजसखी जोधाणा मेला में उमड़ी भीड़
जोधपुर, 16 मार्च (हि.स.)। राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) द्वारा ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से गांधी मैदान में आयोजित राजसखी जोधाणा मेला 2026 में आज बड़ी संख्या में आगंतुकों ने मेले का अवलोकन किया। आगंतुकों ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई तथा विभिन्न स्टॉलों से खरीदारी की।
मेले में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आई स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा हस्तशिल्प, हैंडलूम एवं खाद्य उत्पादों की विविधता प्रदर्शित की जा रही है, जिन्हें आगंतुकों द्वारा काफी सराहा जा रहा है। यह मेला ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हो रहा है।
मेले में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय जारी है। राजसखी जोधाणा मेला 2026 का आयोजन 20 मार्च तक किया जा रहा है, जिसमें शहरवासी एवं पर्यटक बड़ी संख्या में भाग लेकर ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को प्रोत्साहन दे रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

