राजस्थान से एएनएम के एकीकृत प्रशिक्षण की राष्ट्रीय पहल का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान से एएनएम के एकीकृत प्रशिक्षण की राष्ट्रीय पहल का शुभारंभ


जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत एएनएम के लिए एकीकृत प्रशिक्षण मॉड्यूल की पहली क्षेत्रीय प्रशिक्षण कार्यशाला राजस्थान से शुरू हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एकीकृत प्रशिक्षण रणनीति के अंतर्गत आयोजित इस सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य राज्यों में प्रशिक्षकों का ऐसा दक्ष समूह तैयार करना है, जो आगे जिला स्तर पर एएनएम को प्रशिक्षण देकर उनकी कार्यक्षमता बढ़ा सके।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रशिक्षण 16 से 22 नवंबर तक उदयपुर के एमबीजीएच नर्सिंग कॉलेज में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में राजस्थान के साथ महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, गोवा तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव से कुल 35 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।

मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम ने बताया कि एकीकृत प्रशिक्षण रणनीति के तहत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण देने के बजाय एकीकृत और कौशल आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित की जा रही है। इससे एएनएम की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण मॉड्यूल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण, पोषण, गैर-संचारी रोगों तथा टीबी की जांच एवं अनुवर्ती देखभाल, मानसिक स्वास्थ्य, परामर्श और डिजिटल स्वास्थ्य रिपोर्टिंग जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए हैं। प्रशिक्षण को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि ऑनलाइन अध्ययन सामग्री के साथ व्यावहारिक अभ्यास, कौशल प्रदर्शन, मामलों पर आधारित चर्चा और अनुकरण गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रशिक्षकों के माध्यम से जिला स्तर पर एएनएम को इसी एकीकृत मॉड्यूल के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा। वहीं, एएनएम के कार्यों में प्रशिक्षण के बाद भी दक्षता बनी रहे, इसके लिए क्षेत्र स्तर पर सहयोगात्मक पर्यवेक्षण, मार्गदर्शन और नियमित समीक्षा की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह पहल एएनएम के क्षमता संवर्धन से लेकर ग्रामीण और समुदाय स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। राजस्थान से शुरू हुआ यह क्षेत्रीय प्रशिक्षण मॉडल आगे देश के विभिन्न राज्यों में एएनएम के प्रशिक्षण को अधिक व्यवस्थित, व्यावहारिक और परिणाम आधारित बनाने की दिशा में अहम कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779174 Articles

Share this story