राजस्थान में मानसून की विदाई शुरू, बारिश का दौर कमजोर; जैसलमेर में पारा 40 पार

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में मानसून की विदाई शुरू, बारिश का दौर कमजोर; जैसलमेर में पारा 40 पार


राजस्थान में मानसून की विदाई शुरू, बारिश का दौर कमजोर; जैसलमेर में पारा 40 पार


जयपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में मानसून की विदाई का चरण शुरू होते ही बारिश का दौर लगातार कमजोर पड़ने लगा है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा, जबकि उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और भरतपुर सहित कुछ इलाकों में दोपहर बाद बादल छाने के साथ हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के केवल चार जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले चार-पांच दिनों के दौरान राज्य में मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है।

पश्चिमी राजस्थान में पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्रों तथा उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रहे। चित्तौड़गढ़ के कपासन में सबसे अधिक 13 मिलीमीटर बारिश हुई। डूंगला में 3, भरतपुर के भुसावर में 3, उदयपुर के भींडर में 5, कानोड़ में 4, जोधपुर में 4.5 तथा बारां के शाहबाद में 8 मिलीमीटर बारिश मापी गई।

बारिश कमजोर पड़ने के साथ प्रदेश में गर्मी ने फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले 24 घंटे में जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।

बाड़मेर में भी अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री मापा गया। वहीं जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग के अधिकांश इलाकों में दिनभर तेज धूप रही और तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई।

मानसून की विदाई के साथ अब प्रदेश में आसमान साफ रहने और बारिश की गतिविधियां सीमित होने के आसार हैं। इस वर्ष मानसून के कमजोर रहने के कारण सितंबर के अंतिम दौर में भी कई इलाकों में गर्मी का असर बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story