राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, दिन में बढ़ी सर्दी; अब रात के तापमान में गिरावट के आसार

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, दिन में बढ़ी सर्दी; अब रात के तापमान में गिरावट के आसार


राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, दिन में बढ़ी सर्दी; अब रात के तापमान में गिरावट के आसार


जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में पिछले दो दिनों हुई बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। रविवार को बीकानेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। अलवर, सीकर, श्रीगंगानगर, करौली और फतेहपुर सहित कई इलाकों में दिन सामान्य से अधिक ठंडा रहा। अजमेर, सीकर समेत कई शहरों में दिनभर बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आ गई।

राज्य में रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 36.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। पाली में 34.4, बाड़मेर में 34, अजमेर में 33.1, जोधपुर और डूंगरपुर में 32.3, भीलवाड़ा में 33 तथा टोंक में 31.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई।

रात के तापमान की बात करें तो माउंट आबू में सबसे अधिक ठंडक रही, जहां न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। सिरोही में 13.9, टोंक में 14, उदयपुर और भीलवाड़ा में 14.2, करौली में 15.4, अजमेर में 16.2 तथा सीकर और अलवर में 16.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर होने के बाद अब राजस्थान में अगले तीन-चार दिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। दिन में आसमान साफ रहने से धूप खिली रहेगी, जिससे अधिकतम तापमान में विशेष गिरावट नहीं होगी। हालांकि रात के समय सर्दी बढ़ेगी और अधिकांश शहरों के न्यूनतम तापमान में आगामी दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।

श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर समेत उत्तरी राजस्थान के जिलों में रात की ठंड का असर अधिक महसूस होने की संभावना है। मौसम के शुष्क होने के साथ ही उत्तरी हवा का प्रभाव बढ़ने से आने वाले दिनों में सर्दी तेज हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777794 Articles

Share this story