राजस्थान में बढ़ने लगी सर्दी, सीकर-फतेहपुर में 12.5 डिग्री पर पहुंचा पारा; माउंट आबू में सबसे ठंडी रात

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में बढ़ने लगी सर्दी, सीकर-फतेहपुर में 12.5 डिग्री पर पहुंचा पारा; माउंट आबू में सबसे ठंडी रात


राजस्थान में बढ़ने लगी सर्दी, सीकर-फतेहपुर में 12.5 डिग्री पर पहुंचा पारा; माउंट आबू में सबसे ठंडी रात


जयपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में रात के तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर बढ़ने लगा है। शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। सीकर और फतेहपुर में रातें सर्द होने लगी हैं और यहां न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं, माउंट आबू में प्रदेश की सबसे ठंडी रात रही, जहां पारा 11.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

उदयपुर और चित्तौड़गढ़ सहित दक्षिण राजस्थान के कई इलाकों में भी रात के समय ठंड बढ़ने लगी है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में आसमान साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया। मंगलवार को बाड़मेर 36.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। इससे साफ है कि दिन में गर्मी का असर बना हुआ है, जबकि रात के तापमान में गिरावट के कारण सुबह और देर रात ठंड महसूस होने लगी है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट में मंगलवार रात भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री, उदयपुर में 14.9 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 15.2 डिग्री, अजमेर में 15.4 डिग्री, सिरोही और पिलानी में 15.7 डिग्री तथा करौली में 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा। शेखावाटी में सीकर और फतेहपुर की रातें अपेक्षाकृत अधिक ठंडी रहीं। तापमान में गिरावट के चलते अब रात के समय गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

इस दौरान आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप खिली रहेगी। कुछ शहरों में अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात के तापमान में हल्की गिरावट आने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772014 Articles

Share this story