राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 25 जुलाई तक बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 25 जुलाई तक बारिश का अलर्ट


राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 25 जुलाई तक बारिश का अलर्ट


जयपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 20 से 25 जुलाई तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने इस अवधि के लिए कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान में 20 से 25 जुलाई तथा पश्चिमी राजस्थान में 21 से 24 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई को जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग में अनेक स्थानों पर वर्षा गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वहीं 21 से 25 जुलाई तक जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात भी हो सकता है।

आईएमडी ने रविवार को 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

इनमें हनुमानगढ़, डीडवाना-कुचामन, चूरू, टोंक, सीकर, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़, कोटपूतली-बहरोड़, कोटा, खैरथल-तिजारा, करौली, झुंझुनूं, झालावाड़, जयपुर, धौलपुर, डीग, दौसा, चित्तौड़गढ़, बूंदी, भीलवाड़ा, भरतपुर, बारां, अलवर और अजमेर शामिल हैं। इन जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।

कोटा जिले में सुबह मौसम का मिजाज बदला नजर आया। ठंडी हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली।

मौसम विभाग ने कोटा जिले में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं 21 जुलाई के लिए मौसम विभाग ने 13 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सवाई माधोपुर, कोटपूतली-बहरोड़, कोटा, खैरथल-तिजारा, करौली, झालावाड़, धौलपुर, डीग, दौसा, बूंदी, भरतपुर, बारां और अलवर शामिल हैं। इसके अलावा 21 अन्य जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story