राजस्थान के देशनोक, बीकानेर और जोधपुर में होगी कर्णिका फिल्म की शूटिंग

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान के देशनोक, बीकानेर और जोधपुर में होगी कर्णिका फिल्म की शूटिंग


जयपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। माँ करणी के 639वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भूषण कुमार की टी-सीरीज़ और राज शांडिल्य की कथावाचक फिल्म्स ने अपनी आगामी फिल्म ‘कर्णिका’ की घोषणा की है। राजस्थान की आराध्य लोकदेवी माँ करणी के जीवन, आध्यात्मिक चेतना और गौरवशाली विरासत पर आधारित यह फिल्म उनकी प्रेरणादायी जीवनगाथा को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी।

14वीं शताब्दी की संत-योद्धा के रूप में पूजनीय माँ करणी का जीवन साहस, आध्यात्मिक ज्ञान, लोककल्याण और अटूट आस्था का प्रतीक माना जाता है। फिल्म ‘कर्णिका’ के माध्यम से उनकी इसी विरासत और उनसे जुड़ी लोकमान्यताओं को सिनेमाई रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा।

फिल्म की शूटिंग राजस्थान के देशनोक, बीकानेर और जोधपुर में की जाएगी। माँ करणी से जुड़े धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संदर्भों के कारण इन स्थानों का फिल्म की विषयवस्तु में विशेष महत्त्व है। फिल्म की शूटिंग वर्ष 2027 की शुरुआत में शुरू होने की योजना है और इसे वर्ष 2027 में ही रिलीज़ करने का लक्ष्य रखा गया है। फिल्म के कलाकारों और निर्देशक का चयन फिलहाल अंतिम चरण में है। फिल्म से संबंधित अन्य जानकारियाँ उचित समय पर साझा की जाएँगी।

गुलशन कुमार और टी-सीरीज़ प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण कथावाचक फिल्म्स के बैनर तले किया जाएगा। फिल्म के निर्माता भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, राज शांडिल्य, विमल लाहोटी और निरंजन मुंधड़ा हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762506 Articles

Share this story