राजस्थान के गांव डिजिटल क्रांति की दहलीज पर, 98.40 प्रतिशत गांवों तक मोबाइल इंटरनेट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान के गांव डिजिटल क्रांति की दहलीज पर, 98.40 प्रतिशत गांवों तक मोबाइल इंटरनेट


जयपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान तेजी से डिजिटल कनेक्टिविटी के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। जून 2026 तक राज्य के 46,077 गांवों में से 45,341 गांवों (98.40 प्रतिशत) तक मोबाइल इंटरनेट की पहुंच सुनिश्चित कर दी गई है। सभी जिलों में 5जी सेवाएं उपलब्ध हैं, जिससे हाई-स्पीड इंटरनेट का दायरा गांवों तक तेजी से फैल रहा है।

जयपुर लोकसभा सांसद मंजू शर्मा की ओर से लोकसभा में पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर ने ये जानकारी दी है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सरकार डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए राजस्थान सहित देश के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में दूरसंचार सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। जिन बसे हुए गांवों में अभी मोबाइल कवरेज नहीं पहुंचा है, वहां तकनीकी और व्यावसायिक व्यवहार्यता के आधार पर दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) के माध्यम से नेटवर्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि डिजिटल भारत निधि (डीबीएन) के वित्तपोषण से नेटवर्क विहीन गांवों में मोबाइल टावर लगाने के लिए कई योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। वहीं, संशोधित भारतनेट कार्यक्रम के तहत सभी ग्राम पंचायतों और मांग के अनुसार गांवों तक हाई-स्पीड फाइबर ब्रॉडबैंड पहुंचाने का कार्य भी तेज गति से चल रहा है।

आंकड़ों के अनुसार, डीबीएन वित्तपोषित योजनाओं के तहत राजस्थान के 1,735 गांवों एवं स्थानों तक 4जी मोबाइल कनेक्टिविटी पहुंचाई जा चुकी है। इसके साथ ही भारतनेट के तहत 40,107 सक्रिय फाइबर-टू-द-होम (एफटीटीएच) कनेक्शन संचालित हैं और 6,094 ग्राम पंचायतें हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड नेटवर्क से जुड़कर डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा रही हैं।

केन्द्र सरकार का मानना है कि मोबाइल और ब्रॉडबैंड नेटवर्क के इस विस्तार से ग्रामीण राजस्थान में ऑनलाइन शिक्षा, टेलीमेडिसिन, डिजिटल बैंकिंग, ई-गवर्नेंस, कृषि सेवाओं, ई-कॉमर्स और स्वरोजगार को नई गति मिलेगी। इससे गांव और शहर के बीच डिजिटल दूरी लगातार कम हो रही है और प्रदेश डिजिटल समावेशन की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ा रहा है।

मुख्य बिंदु

46,077 में से 45,341 गांवों तक मोबाइल इंटरनेट पहुंचा।

98.40% गांव अब मोबाइल इंटरनेट से जुड़े।

राजस्थान के सभी जिलों में 5जी सेवा उपलब्ध।

1,735 गांवों/स्थानों को डीबीएन योजना से 4जी कनेक्टिविटी।

6,094 ग्राम पंचायतें भारतनेट से जुड़ीं।

40,107 एफटीटीएच (फाइबर टू द होम) कनेक्शन संचालित।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story