रविवार को बीकानेर में जुटेंगे देशभर के शिशु रोग विशेषज्ञ : पहली बार आयोजित होगी ‘ए टू ज़ेड न्यूट्रिशन राष्ट्रीय स्तरीय कार्यशाला

WhatsApp Channel Join Now
रविवार को बीकानेर में जुटेंगे देशभर के शिशु रोग विशेषज्ञ : पहली बार आयोजित होगी ‘ए टू ज़ेड न्यूट्रिशन राष्ट्रीय स्तरीय कार्यशाला


बीकानेर, 01 अगस्त (हि.स.)। बाल स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में बीकानेर एक ऐतिहासिक उपलब्धि का साक्षी बनने जा रहा है। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं पीबीएम अस्पताल के शिशु रोग विभाग, बीकानेर पीडियाट्रिक सोसायटी तथा इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के संयुक्त तत्वावधान में 2 अगस्त, रविवार को सागर होटल में राष्ट्रीय स्तरीय ‘ए टू ज़ेड न्यूट्रिशन कार्यशाला’ आयोजित होगी।

बीकानेर पीडियाट्रिक सोसायटी के सचिव डॉ. जी.एस. तंवर ने बताया कि कार्यशाला जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों के संपूर्ण पोषण विज्ञान पर आधारित होगी। इसमें शिशु, बाल एवं किशोरावस्था के दौरान आवश्यक संतुलित आहार, विकास, पोषण संबंधी चुनौतियों तथा उनके वैज्ञानिक समाधान पर देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ विस्तृत जानकारी देंगे।

कार्यशाला की मुख्य अतिथि एवं प्रमुख वक्ता इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नीलम मोहन (गुरुग्राम) होंगी। वे अध्यक्षीय व्याख्यान के माध्यम से बच्चों के पोषण विज्ञान से जुड़े नवीनतम शोध, व्यवहारिक पहलुओं एवं चिकित्सकीय दृष्टिकोण पर मार्गदर्शन देंगी। इस अवसर पर बीकानेर के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. पी.सी. खत्री एवं डॉ. सी.के. चाहर को बाल चिकित्सा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय एवं आजीवन योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। वहीं बीकानेर पीडियाट्रिक सोसायटी की अध्यक्ष डॉ. रेनू अग्रवाल कार्यशाला के पोस्टर का विमोचन करेंगी।

कार्यक्रम की एक विशेष आकर्षक पहल “खाद्य पदार्थों के लेबल पढ़ें और समझें” विषय पर आधारित प्रदर्शनी होगी। इसमें आमजन एवं चिकित्सकों को पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर अंकित कैलोरी, प्रोटीन, खनिज, शर्करा तथा अन्य पोषण संबंधी जानकारियों को सही ढंग से पढ़ने और समझने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यशाला में जयपुर से डॉ. मोहित बोरा, डूंगरपुर से डॉ. गौरव यादव सहित देश के कई प्रतिष्ठित विशेषज्ञ अपने व्याख्यान देंगे। वहीं बीकानेर के डॉ. जी.एस. तंवर, डॉ. गौरव गोम्बर एवं डॉ. श्याम अग्रवाल भी बच्चों के पोषण विज्ञान के विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।

डॉ. जी.एस. तंवर ने बताया कि यह आयोजन केवल बीकानेर तक सीमित नहीं रहेगा। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू, नागौर, नोखा, श्रीडूंगरगढ़, लूणकरणसर, रतनगढ़, सरदारशहर, सूरतगढ़ सहित पूरे संभाग के बाल रोग विशेषज्ञ इसमें भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि बीकानेर में बाल पोषण पर केंद्रित इस स्तर का राष्ट्रीय अध्यक्षीय कार्यक्रम पहली बार आयोजित हो रहा है, जो चिकित्सा जगत के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में यह भी बताया जाएगा कि नवजात शिशु से लेकर किशोरावस्था तक प्रत्येक बच्चे को किस प्रकार आयु एवं आवश्यकता के अनुरूप संतुलित पोषण उपलब्ध कराया जाए, जिससे उसका शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास बेहतर ढंग से हो सके।

कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य बाल रोग विशेषज्ञों को स्वस्थ, बीमार तथा मोटापे से ग्रसित बच्चों के उपचार में औषधियों के साथ-साथ पोषण संबंधी परामर्श एवं आहार योजना को भी समान महत्व देने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के मॉड्यूल समन्वयक डॉ. सौरभ पुरोहित होंगे। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से सायं 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में बाल रोग विशेषज्ञ, चिकित्सा शिक्षक एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story