मोटापा, मधुमेह और हृदय रोग के उपचार में नए शोध से खुल रहे प्रभावी विकल्प

WhatsApp Channel Join Now
मोटापा, मधुमेह और हृदय रोग के उपचार में नए शोध से खुल रहे प्रभावी विकल्प


मोटापा, मधुमेह और हृदय रोग के उपचार में नए शोध से खुल रहे प्रभावी विकल्प


अजमेर, 27 नवम्बर(हि.सं.)। मोटापा, मधुमेह और हृदय रोग एक-दूसरे से जुड़े स्वास्थ्य जोखिम हैं, जिनके उपचार को लेकर चिकित्सा विज्ञान में तेजी से नए विकल्प सामने आ रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय शोधों के आधार पर विकसित आधुनिक दवाएं और उपचार पद्धतियां न केवल मधुमेह नियंत्रण में मददगार साबित हो रही हैं, बल्कि वजन प्रबंधन और हृदय संबंधी जोखिमों को कम करने की दिशा में भी नई संभावनाएं खोल रही हैं। ऐसे में बढ़ते वजन को लेकर केवल चिंता करने के बजाय समय रहते चिकित्सकीय परामर्श, जीवनशैली में सुधार और वैज्ञानिक उपचार विकल्पों के प्रति जागरूक होना जरूरी है।

यह जानकारी मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, अजमेर के सीनियर फिजिशियन डॉ. दीपक सोगानी ने शुक्रवार को हॉस्पिटल सभागार में आयोजित चिकित्सकीय संगोष्ठी में दी। उन्होंने मधुमेह के कारणों, बचाव, मोटापे से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों तथा हृदय रोगों के साथ इनके पारस्परिक संबंधों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

डॉ. सोगानी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि दुनिया भर में हुए नवीन चिकित्सा शोधों ने मोटापा और मधुमेह के उपचार को नई दिशा दी है। शोध आधारित आधुनिक दवाओं एवं थैरेपी का चिकित्सकीय निगरानी में उपयोग रोगियों के उपचार में प्रभावी भूमिका निभा सकता है। मोटापा कई गंभीर बीमारियों का जोखिम बढ़ाता है, इसलिए इसे केवल शारीरिक बनावट से जोड़कर देखने के बजाय स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चुनौती के रूप में समझना आवश्यक है।

मित्तल हॉस्पिटल के सीनियर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. विवेक माथुर ने नवीनतम शोध, उपचार तकनीकों और उपलब्ध दवाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि मोटापा नियंत्रण आज के दौर में बड़ी चुनौती बन गया है। बदलती जीवनशैली, शारीरिक गतिविधियों में कमी और दैनिक दिनचर्या में बढ़ती निष्क्रियता वजन बढ़ने के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। इसके परिणामस्वरूप हृदय सहित शरीर के विभिन्न अंगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और व्यक्ति कई बीमारियों के जोखिम में आ सकता है।

उन्होंने बताया कि आधुनिक शोधों के आधार पर विकसित उपचार विकल्प मोटापे से जुड़े जोखिमों को नियंत्रित करने में सहायक हो सकते हैं, लेकिन इनका उपयोग व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श से ही किया जाना चाहिए। आमजन तक नवीन चिकित्सा जानकारियां पहुंचाने और उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

संगोष्ठी में गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. प्रीतम कोठारी, डॉ. अंजू तोषनीवाल, ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दीपक जैन, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. रचना जैन, पैथोलॉजिस्ट डॉ. मधु काबरा, जनरल सर्जन डॉ. विवेक शर्मा सहित अन्य चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टरों एवं डीएनबी प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संयोजन हॉस्पिटल की वाइस प्रेसिडेंट डॉ. विद्या दायमा ने किया।

चिकित्सकों ने इस बात पर जोर दिया कि हृदय रोग, मधुमेह एवं मोटापे से संबंधित जोखिमों को कम करने के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, शारीरिक सक्रियता और समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श को जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784169 Articles

Share this story