मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष, मेयर और प्रधान सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष, मेयर और प्रधान सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ की बैठक


जयपुर, 7 दिसंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक, प्रधान, मेयर, चैयरमेन, डेयरी चैयरमेन, कॉपरेटिव सोसायटी अध्यक्ष और विधायक प्रत्याशियों के साथ आगामी निकाय एवं पंचायतीराज चुनाव की तैयारी तथा संगठनात्मक जिम्मेदारी को लेकर बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कार्यकर्ता को काम और सम्मान के साथ जिम्मेदारी दी जाएगी। सभी वर्गों को संगठन और चुनावी प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व मिले इसके लिए पार्टी प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को निभाएं और पार्टी को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि इस बैठक में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ संगठन को जरूर मिलेगा। साथ ही, उन्होंने आने वाले समय में विभिन्न गतिविधियों व कार्यक्रमों में सभी की सक्रिय सहभागिता की अपील की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हम सभी को मिलकर निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारी करनी है, इसलिए दो वर्षों में हमारी सरकार ने जो विकास कार्य किए हैं उन्हें जनता तक पहुंचाएं, क्योंकि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकास के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाया है। उन्होंने कहा कि 15 दिसम्बर को राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण हो रहे हैं इस अवसर पर भी विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रम व समारोह आयोजित होंगे। इसमें भी सभी की सक्रिय सहभागिता अपेक्षित है। राज्य सरकार की योजनाओं, नीतियों और कार्यों का प्रचार-प्रसार करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने 5 साल के कार्यकाल में जितने काम नहीं किए उससे अधिक हमने दो साल के कार्यकाल में किए हैं। जब भी इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से जवाब मांगा जाता है, तो पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली कोई जवाब नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय पेपरलीक हुए, युवाओं का भविष्य खराब हुआ। चुनाव जीतने के लिए इन्होंने झूठे वादे तक किए। प्रदेश में कांग्रेस ने मनमर्जी और तुष्टीकरण के आधार पर वार्ड, पंचायतों और जिलों का गठन किया था, लेकिन हमारी सरकार ने तथ्यों के आधार पर इनका पुनर्गठन किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में आते ही पानी के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौते की सौगात दी, साथ ही, प्रदेश में विभिन्न नहरी तंत्रों को मजबूत बनाने के लिए उचित बजट दिया है। उन्होंने कहा कि किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने के लिए हमारी सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण एमओयू किए हैं। प्रदेश में खनन क्षेत्र को मजबूत बनाया जा रहा है जिससे युवाओं को अधिक रोजगार मिलेगा। अब पिछली कांग्रेस सरकार की तरह पेपरलीक नहीं होते, बल्कि हमारी सरकार ने रिकॉर्ड समय में 92 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे हैं। राइजिंग राजस्थान का आयोजन कर प्रदेश में नव औद्योगिक विकास को गति और धार दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार राजस्थान का देश और विदेश में सम्मान बढ़ाने वाले प्रवासी राजस्थानियों के लिए प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन कर रही है। इस आयोजन के माध्यम से प्रवासी भाई-बहन प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से शेखावाटी की हवेलियों को संरक्षित और सुरक्षित बनाने के लिए भी समय पर उचित निर्णय लिए हैं, जिसका फायदा पर्यटन क्षेत्र को होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश की आजादी के बाद राष्ट्रवादी लोगों ने जनसंघ की स्थापना की और देश के सामने आ रही चुनौतियों का डटकर सामना किया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय ने देश के लिए प्राण न्यौछावर किए और अपने जीवनकाल में संगठन और कार्यकर्ताओं को हमेशा राष्ट्र प्रथम की भावना के लिए तैयार किया।

बैठक में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, सांसद राजेन्द्र गहलोत, दामोदर अग्रवाल और पूर्व सांसद नारायण पंचारिया सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story