मुख्यमंत्री ने धौलपुर को 177 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी
धौलपुर/जयपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान, महिला, युवा और श्रमिक सहित प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है तथा धौलपुर जिले के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। पिछले ढाई वर्षों में जिले में लगभग दो हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को धौलपुर जिले के राजाखेड़ा क्षेत्र की फूलपुर ग्राम पंचायत में आयोजित लोकार्पण-शिलान्यास समारोह एवं जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 177 करोड़ रुपये लागत के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 155 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कार्यों का लोकार्पण तथा 21 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ राज्य सरकार की ओर से तीन हजार रुपये अतिरिक्त दिए जा रहे हैं तथा फसल बीमा योजना का लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना, गंगनहर, देवास, सोम-कमला-अंबा तथा माही बांध जैसी परियोजनाओं के माध्यम से राजस्थान को जल आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले ढाई वर्षों में 1.78 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। 1.32 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है तथा 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है। इसके अलावा निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकसित राजस्थान का संकल्प साकार हो रहा है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाया जा रहा है तथा प्रदेश की कानून-व्यवस्था भी मजबूत हुई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने धौलपुर जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें फूलपुर खेल मैदान के विकास, राजाखेड़ा में मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण, पार्वती नदी पर पुल निर्माण, कृषि उपज मंडी के लिए भूमि आवंटन, रहनावाली और लाठवाली माता मंदिरों के जीर्णोद्धार, सैंपऊ के कौलारी में आयुर्वेद औषधालय, पार्वती बांध से सैंपऊ तक नहर के दोनों ओर जल निकासी व्यवस्था, बसेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के विस्तार तथा सलेमपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना शामिल है।
समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

