मुख्यमंत्री ने की दीपावली की रामा-श्यामा, आमजन से आत्मीय मुलाकात
जयपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के उल्लास के बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात को लेकर आमजन में खासा उत्साह नजर आया। मुख्यमंत्री ने भी लोगों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर दीपावली की रामा-श्यामा की और सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने समारोह में पहुंचे लोगों का सहजता से अभिवादन स्वीकार किया और उनसे संवाद करते हुए दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजन के साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और त्योहार की खुशियां साझा कीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

