मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे है गहलोत : दिलावर

WhatsApp Channel Join Now
मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे है गहलोत : दिलावर


शिक्षा मंत्री ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर साधा निशाना

जोधपुर, 12 मई (हि.स.)। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री तथा जोधपुर के प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर उनके ही गृह नगर में निशाना साधा है। गहलोत की ओर से जल जीवन मिशन में एसीबी की ओर से की जा रही कार्रवाई को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए मदन दिलावर ने कहा कि अशोक गहलोत मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। दिलावर ने यह बात आज जोधपुर दौरे के दौरान सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए कही। बता दे कि गहलोत ने कहा था कि भाजपा की सरकार को यह नहीं भूलना चाहिए कि उनकी सरकार भी जाएगी। इस पर दिलावर ने अपनी टिप्पणी की।

प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने कोटा में प्रसूताओं की मौत के मामले पर कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और मामले की जांच जारी है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं हों, इसके लिए सरकार स्तर पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। वहीं नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिलावर ने कहा कि एजेंसियां जांच कर रही हैं और जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एसीबी पारदर्शी तरीके से भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्राम स्तर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए अभियान चलाकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, मजदूर, महिला, युवा और किसानों सहित हर वर्ग को साथ लेकर चल रही है और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। दिलावर ने कहा कि किसानों के हित में राज्य सरकार विशेष योजनाएं लेकर आ रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story