महिलाओं से बुजुर्गों तक सभी के लिए जरूरी स्ट्रेंथ ट्रेनिंग : टीना सैनी
जयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। सर्दियों का मौसम शुरू होते ही आमतौर पर लोगों की शारीरिक गतिविधियां कम हो जाती हैं। सुबह देर तक बिस्तर में रहना, धूप में बैठना और व्यायाम से दूरी बनाना दिनचर्या का हिस्सा बन जाता है। ऐसे में फिटनेस एक्सपर्ट टीना सैनी ने लोगों को सर्दियों में भी सक्रिय जीवनशैली अपनाने और अपनी सेहत को प्राथमिकता देने की सलाह दी है। उनका कहना है कि सर्दियों का मौसम फिटनेस से दूरी बनाने का नहीं, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का समय है।
टीना सैनी के अनुसार फिटनेस केवल वजन कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बेहतर चयापचय स्वास्थ्य, मजबूत मांसपेशियों, अच्छी नींद और स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। उन्होंने सर्दियों में स्वस्थ और सक्रिय रहने के लिए हर परिवार को पांच महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।
टीना सैनी ने बताया कि सर्दियों में सुबह की सैर, साइकिलिंग, योग या हल्के व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। इसके लिए प्रतिदिन जिम जाना जरूरी नहीं है, बल्कि 20 से 30 मिनट की नियमित शारीरिक गतिविधि भी लाभकारी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि केवल पैदल चलना और कार्डियो व्यायाम ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि मांसपेशियों को मजबूत बनाना भी जरूरी है। इसके लिए स्क्वाट्स, पुश-अप्स, लंजेस और हल्के वजन के साथ व्यायाम किया जा सकता है। विशेष रूप से महिलाओं को अपनी नियमित फिटनेस दिनचर्या में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग को शामिल करना चाहिए।
सर्दियों में भूख बढ़ना सामान्य है, लेकिन इस दौरान जरूरत से ज्यादा कैलोरी लेने से बचना चाहिए। भोजन में प्रोटीन, मौसमी सब्जियां, फल, दालें, दूध और पर्याप्त फाइबर शामिल करना चाहिए। साथ ही तले हुए खाद्य पदार्थों और अधिक मीठे के सेवन को सीमित रखने की सलाह दी गई है।
टीना सैनी के अनुसार फिट रहने के लिए बड़े जिम या महंगे उपकरणों की आवश्यकता नहीं है। घर में एक छोटी जगह निर्धारित कर योगा मैट, रेजिस्टेंस बैंड, डंबल और स्किपिंग रोप जैसे सामान्य उपकरणों की मदद से व्यायाम किया जा सकता है। परिवार के सभी सदस्य मिलकर प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निकाल सकते हैं।
सर्दियों में प्यास कम लगने के कारण लोग अक्सर पर्याप्त पानी नहीं पीते। ऐसे में शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है। इसके साथ ही प्रतिदिन 7 से 9 घंटे की पर्याप्त नींद और व्यायाम के बाद शरीर को उचित आराम एवं रिकवरी देना भी आवश्यक है।
टीना सैनी ने कहा कि फिटनेस किसी एक मौसम, उम्र या शरीर के आकार तक सीमित नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक परिवार को ऐसी जीवनशैली विकसित करनी चाहिए, जिसमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग अपनी क्षमता के अनुसार शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। महंगे उपकरणों या बड़े जिम से ज्यादा जरूरी नियमितता और सही जानकारी है।
उन्होंने कहा कि यदि हर परिवार प्रतिदिन केवल 30 मिनट अपनी फिटनेस के लिए निकालना शुरू कर दे तो समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की सकारात्मक शुरुआत हो सकती है। इस सर्दी में लोगों को मौसम का आनंद लेने के साथ अपनी सेहत को भी प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि स्वस्थ शरीर ही बेहतर जीवन की असली पूंजी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

