महिलाओं की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता: संभागीय आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
महिलाओं की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता: संभागीय आयुक्त


संभाग स्तरीय महिला समाधान समिति की समीक्षा बैठक आयोजित

जोधपुर, 19 नवम्बर (हि.स.)। संभागीय आयुक्त कन्हैया लाल स्वामी की अध्यक्षता में गुरुवार को असंगठित एवं अनौपचारिक क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं की सुरक्षा एवं शिकायतों के निवारण के लिए गठित संभाग स्तरीय महिला समाधान समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिला एवं उपखंड स्तरीय महिला समाधान समितियों की कार्यप्रगति, प्राप्त शिकायतों के निस्तारण, कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा तथा ऑनलाइन शिकायत निवारण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

संभागीय आयुक्तने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं उनके अधिकारों का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि असंगठित एवं अनौपचारिक क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकाधिक पात्र प्रकरणों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए तथा प्राप्त प्रकरणों का नियमानुसार संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं प्रभावी हो तथा पीडि़त महिलाओं को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने ने महिला सुरक्षा एवं शिकायत निवारण से संबंधित प्रावधानों, महिला समाधान समितियों तथा उपलब्ध शिकायत निवारण व्यवस्थाओं का ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से असंगठित क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं तक इन व्यवस्थाओं की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों तथा आवश्यकता पडऩे पर बिना किसी संकोच के शिकायत दर्ज करवा सकें। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से जागरूकता कार्यक्रम एवं सूचना प्रसार गतिविधियां संचालित करें।

संभागीय आयुक्त ने महिलाओं की शिकायतों के ऑनलाइन पंजीकरण एवं निस्तारण की व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सुगम एवं प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा शिकायत दर्ज होने से लेकर उसके अंतिम निस्तारण तक की प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित हो।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तकनीकी एवं प्रक्रियागत समस्याओं का समाधान करने तथा महिलाओं को ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। बैठक में महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीडऩ (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम, 2013 के अंतर्गत कार्यस्थलों पर आंतरिक समितियों के गठन एवं जागरूकता कार्यक्रमों की जिलावार प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक सत्येंद्र सिंह, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक फरसाराम विश्नोई, जिला उद्योग अधिकारी भवानी सिंह, श्रम विभाग के श्रम निरीक्षक बहादुर सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गाराम चौधरी, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त सीमा कविया सहित संभाग के सभी जिलों के अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story