महिला शिक्षकों की चुनौतियों और संगठन में सहभागिता पर हुआ मंथन

WhatsApp Channel Join Now
महिला शिक्षकों की चुनौतियों और संगठन में सहभागिता पर हुआ मंथन


धौलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) की जिला धौलपुर इकाई की ओर से रविवार को जिला महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में महिला शिक्षकों की संगठन में सक्रिय सहभागिता बढ़ाने, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने तथा सामाजिक, पारिवारिक और कार्यस्थल से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सम्मेलन में वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण में महिला शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

महासंघ के जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि समाज की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाली मातृशक्ति का राष्ट्र निर्माण, सामाजिक परिवर्तन और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान है। संगठन को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए महिला शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। महिला सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिला शक्ति को संगठन से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को मंच देने और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुनने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

सम्मेलन के प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता उमेश शर्मा ने अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की स्थापना, संगठन की रीति-नीति, उद्देश्यों, कार्यपद्धति और गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिला शिक्षकों से संगठन की विचारधारा को आत्मसात कर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सत्र की अध्यक्षता महासंघ की वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुर्गेश परमार ने की, जबकि संचालन महिला मंत्री रश्मि कौशल ने किया।

द्वितीय सत्र की अध्यक्षता जिला संगठन मंत्री कमलेश सिकरवार ने की। इसमें मुख्य वक्ता अपूर्वा शर्मा ने भारतीय इतिहास की वीरांगना रानी पद्मावती के जीवन, त्याग, साहस, स्वाभिमान और व्यक्तित्व पर विचार व्यक्त किए।

तृतीय सत्र की अध्यक्षता गीता शर्मा ने की। मुख्य वक्ता गरिमा उपाध्याय ने वर्तमान समय में महिला शिक्षकों के सामने आने वाली सामाजिक, पारिवारिक, व्यावसायिक और कार्यस्थल संबंधी चुनौतियों एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने इन चुनौतियों के प्रति जागरूकता और उनके समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।

सम्मेलन में प्रदेश सेवानिवृत्ति प्रकोष्ठ के सदस्य देवेश प्रसाद शर्मा ने संगठनात्मक मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जब्बूलाल, कोषाध्यक्ष बहादुर सिंह परमार और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोविंद प्रसाद शर्मा सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story