महिला और गाय पर हमले के बाद पकड़ा लेपर्ड: केज ट्रैप में फंसा
सवाईमाधोपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। रणथंभौर टाइगर रिजर्व की फलौदी रेंज के टोडरा क्षेत्र में ग्रामीणों के बीच दहशत का कारण बने लेपर्ड को आखिरकार वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। आबादी क्षेत्र में लगातार लेपर्ड की गतिविधियां सामने आने और हमले की दो घटनाओं के बाद वन विभाग ने रेस्क्यू अभियान चलाया। बुधवार शाम करीब 4 बजे टीम ने लेपर्ड को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया।
29 अक्टूबर को टोडरा क्षेत्र में लेपर्ड ने एक महिला पर हमला कर दिया था, जिससे वह घायल हो गई थी। इसके बाद एक नवंबर की सुबह इसी क्षेत्र में एक गाय पर लेपर्ड के हमले की सूचना मिली। लगातार दो घटनाओं के बाद ग्रामीणों में डर बढ़ गया और लोगों के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा को लेकर भी चिंता गहराने लगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने रेस्क्यू स्क्वॉड और फलौदी रेंज की टीम को सक्रिय किया। क्षेत्र में केज ट्रैप लगाए गए और लेपर्ड की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।
कई प्रयासों के बाद बुधवार शाम रेस्क्यू अभियान के दौरान लेपर्ड को सुरक्षित कैप्चर कर लिया गया।
रणथंभौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि इस क्षेत्र से वन विभाग पहले भी करीब पांच लेपर्ड को रेस्क्यू कर चुका है। इसके बावजूद टोडरा क्षेत्र में लेपर्ड की आवाजाही बनी हुई है। ताजा रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने राहत की सांस ली है, वहीं ग्रामीणों में भी कुछ हद तक चिंता कम हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

