भोगिशैल परिक्रमा यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
जोधपुर, 29 मई (हि.स.)। हिंदू सेवा मंडल की ओर से निकाली जा रही भोगिशैल परिक्रमा यात्रा में श्रद्धा का ज्वार उमड़ पड़ा है। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद श्रद्धालु कठिन पथरीले पहाड़ी रास्तों पर लगातार आगे बढ़ रहे हैं। आज पांचवें दिन भोगिशैल परिक्रमा यात्रा अपने अगले पड़ाव बेरीगंगा तीर्थ पहुंची।
हिंदू सेवा मंडल द्वारा निकाली जा रही भोगिशैल परिक्रमा यात्रा ने आज सुबह पांच बजे वैजनाथ महादेव मंदिर से प्रस्थान किया। इसके बाद यह यात्रा वैजनाथ पगडण्डी, मंडलनाथ महादेव, कुण्डली माता, बीएसएफ, जोगी तीर्थ, दईजर माता मंदिर होते हुए बेरीगंगा पहुंची। दिन एवं रात्रि विश्राम बेरीगंगा क्षेत्र में किया गया है। शनिवार को छठे दिन यात्रा बेरीगंगा से प्रस्थान कर निम्बली तीर्थ, निम्बा तीर्थ, मण्डोर रेलवे स्टेशन बालाजी, काला-गोरा भैरूजी मंदिर होते हुए मण्डोर उद्यान पहुंचेगी। विश्राम मण्डोर उद्यान में रहेगा।
हेमलता राज्ये पांचवें दिन दस किमी पैदल चली
भोगिशैल परिक्रमा के पांचवे दिन पूर्व महारानी हेमलता राज्ये ने सुबह चार बजे से 8.15 बजे तक करीब दस किलोमीटर घोर अंधेरे से उजाले तक पथरीले, पहाड़ी व तंग रास्ते पर पैदल चलकर परिक्रमा करते हुए अनेक मंदिरों में दर्शन किए व मारवाड़ की खुशहाली की प्रार्थना की। हेमलता राज्ये ने सुबह चार बजे सैनाचार्य अचलानंद गिरी महाराज के साथ बैजनाथ मंदिर से परिक्रमा शुरू की। उस समय घोर अंधेरा था, रास्ता भी पूरी तरह पथरीला था, पर मन में आस्था और दृढ़ विश्वास के आगे कठिन डगर भी सरल लग रही थी। रास्ते में आने वाले मंदिरों में पूरे विश्वास के साथ में दर्शन करके मारवाड़ी की खुशहाली की प्रार्थना की। बेरीगंगा तक पूरा रास्ता पहाड़ी उतार चढ़ाव वाला था, लेकिन हेमलता राज्ये परिक्रमा के अन्य श्रद्धालु महिलाएं व पुरुषों के साथ पूर्ण मनोयोग के साथ में परिक्रमा कर रही है। हेमलता राज्ये व सैनाचार्य अचलानंद गिरि महाराज का परिक्रमा मार्ग पर अनेक जगहों पर स्वागत सत्कार हुआ। बेरी गंगा पहुंचने से पहले रास्ते में राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने हेमलता राज्ये की अगवानी की।
पद यात्रा के जातरुओं की सेवा में उमड़े शहरवासी
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला संगठन के तत्वावधान में माताजी भक्ति सागर ग्रुप ने भोगिशैल परिक्रमा पदयात्रा में शामिल जातरुओं के लिए सेवा कार्य किए। चार धाम यात्रा के समान पुण्यदायक मानी जाने वाली मारवाड़ की प्रसिद्ध भोगिशैल परिक्रमा के दौरान ग्रुप की महिलाओं ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को राहत प्रदान की। अध्यक्ष मुन्नी भाटी ने बताया कि प्रमुख संयोजक संतोष राठी के नेतृत्व में 31 महिलाओं का समूह बस से एक दिवसीय परिक्रमा यात्रा पर निकला। यात्रा के दौरान महिलाओं ने रातानाडा स्थित गजानंद मंदिर एवं प्रगट संतोषी माता मंदिर के दर्शन किए। इसके बाद बेरीगंगा में स्नान कर बैजनाथ, बड़ली भैरुजी के दर्शन करते हुए चौपासनी मार्ग से जबरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। सचिव मधु भंडारी ने बताया कि संपूर्ण धार्मिक यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर दान-पुण्य एवं सेवा कार्य किए गए। जातरुओं को खाद्य एवं राशन सामग्री, शीतल पेय पदार्थ, ड्राई फ्रूट्स, फल तथा अन्य जरूरतमंद वस्तुएं वितरित कर सेवाएं प्रदान की गईं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

