भगवान परशुराम का किया अभिषेक, शोभायात्रा रविवार को

WhatsApp Channel Join Now
भगवान परशुराम का किया अभिषेक, शोभायात्रा रविवार को


भगवान परशुराम जयंती महोत्सव: 51 वेदपाठियों ने वेदमंत्रों के साथ किया सामूहिक रुद्राभिषेक

जोधपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। भगवान परशुराम जयंती महोत्सव के दूसरे दिन आज भी शहर में कार्यक्रम जारी रहे। सर्व ब्राह्मण महासभा और महोत्सव समिति की ओर से कार्यक्रमों के तहत सेवा कार्य और धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।

भगवान परशुराम की जयंती के पावन अवसर पर सर्व ब्राह्मण महासभा जोधपुर इकाई के तत्वावधान में भोगीशैल पर्वतमाला स्थित सिवांची गेट स्वर्गाश्रम के आगे परशुराम महादेव मंदिर चल रहे तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत आज भगवान परशुराम के विग्रह का विशेष अभिषेक किया गया। इस दौरान इत्र, पंचामृत, शहद, केसर एवं 101 किलो दूध से अभिषेक किया गया। साथ ही 51 वेदपाठियों द्वारा वेदमंत्रों के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक किया गया।

महासभा के जिलाध्यक्ष डॉ. आनंदराज पुरोहित ने बताया कि 19 अप्रैल को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सुबह विशेष पूजा-अर्चना तथा सायं छह बजे सम्मान समारोह आयोजित होगा। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सोलहवां परशुराम पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया जाएगा, वहीं दो विशिष्ट व्यक्तियों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड भी प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम में राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश संजीत पुरोहित मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, डॉ. नगेंद्र शर्मा तथा अधिवक्ता आनंद पुरोहित विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। ब्राह्मण समाज की ओर से ही 19 अप्रैल को भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story