बेंगलूरू से गांव पहुंचा सॉफ्टवेयर इंजीनियर, पहली बार मतदान कर निभाया लोकतांत्रिक फर्ज

WhatsApp Channel Join Now
बेंगलूरू से गांव पहुंचा सॉफ्टवेयर इंजीनियर, पहली बार मतदान कर निभाया लोकतांत्रिक फर्ज


बेंगलूरू से गांव पहुंचा सॉफ्टवेयर इंजीनियर, पहली बार मतदान कर निभाया लोकतांत्रिक फर्ज


डूंगरपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार का महत्व समझते हुए बेंगलूरू में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर यश प्रजापति ने पंचायत चुनाव में पहली बार मतदान किया। अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए यश विशेष रूप से बेंगलूरू से अपने गांव विकासनगर पहुंचे और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र के बूथ संख्या 8 पर वोट डालकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाई।

तकनीकी क्षेत्र में कार्यरत यश का मतदान के लिए गांव पहुंचना युवाओं के बीच मताधिकार के महत्व का संदेश देता है। उन्होंने साबित किया कि व्यस्त दिनचर्या और नौकरी की जिम्मेदारियों के बीच भी लोकतंत्र के प्रति अपने कर्तव्य को प्राथमिकता दी जा सकती है। पंचायत चुनाव में पहली बार वोट डालने का उनका अनुभव न केवल व्यक्तिगत रूप से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि अन्य युवाओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने वाला कदम बना।

यश प्रजापति ने कहा कि ग्राम पंचायत लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण आधारभूत इकाई है। गांव के विकास, स्थानीय समस्याओं के समाधान और ग्रामीणों की जरूरतों को पूरा करने में पंचायत की अहम भूमिका होती है। ऐसे में सही प्रतिनिधि चुनने के लिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना जरूरी है। एक-एक वोट गांव के भविष्य और विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार के महत्व को समझें और मतदान के दिन समय निकालकर वोट अवश्य डालें। लोकतंत्र केवल अधिकारों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदारियों के निर्वहन से मजबूत होता है। युवाओं को स्वयं मतदान करने के साथ अपने परिवार, परिचितों और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करना चाहिए।

बेंगलूरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत यश का मतदान के लिए गांव पहुंचना इस बात का संदेश है कि लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाने के लिए इच्छाशक्ति सबसे महत्वपूर्ण है। पंचायत चुनाव में मतदान कर उन्होंने गांव की सरकार के गठन में अपनी भूमिका निभाई और युवा मतदाताओं के सामने जिम्मेदार नागरिक बनने की मिसाल पेश की। यश ने कहा कि अधिकाधिक मतदान से ग्राम पंचायत को सशक्त बनाने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक होकर अपने मताधिकार का उपयोग करना चाहिए, क्योंकि मजबूत लोकतंत्र की नींव जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं से ही तैयार होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766288 Articles

Share this story