बुधवार से चार दिन प्रदेश में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि संभव

WhatsApp Channel Join Now
बुधवार से चार दिन प्रदेश में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि संभव


जयपुर, 17 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में 18 मार्च से एक मजबूत पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 21 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है। मंगलवार को प्रदेश के चार शहरों का दिन का पारा 35 पार तो पांच शहरों का रात का पारा 20 डिग्री के पार दर्ज किया गया। 38 डिग्री के साथ चित्तौडग़ढ़ का दिन और 21.8 डिग्री के साथ पाली की रात सबसे गर्म रही। हाल में प्रदेश के कई हिस्सों में हुई आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से आमजन को तेज गर्मी से निजात मिली है। मंगलवार को भी अधिकांश शहरों के तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार चित्तौडग़ढ़ के अलावा कोटा, बाड़मेर और पाली का दिन का तापमान 35 डिग्री से अधिक तो पाली के अलावा कोटा, बाड़मेर, फलौदी और जोधपुर का रात का पारा 20 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18 मार्च को दक्षिण पश्चिम राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बनने की प्रबल संभावना है। इसके असर से 18-20 मार्च को कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आंधी-बारिश (40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा) व कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। 18 मार्च को जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन, आंधी के साथ हल्की बारिश होने, शेष भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। 19-20 मार्च को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहने तथा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी (40-50 किमी प्रतिघंटा) व बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। वहीं मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी अलर्ट जारी किया है। इसमें खुले आसमान में पक कर तैयार फसलों, कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व जिंसो को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।

जयपुर के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इससे आमजन को तेज गर्मी से राहत मिली है। जयपुर में मंगलवार को दिनभर हल्के से मध्यम छितराए बादल छाए रहे और मध्यम गति की हवाएं चली। जयपुर के दिन के तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.3 और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story