बीकानेर संभाग में 23 से बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश संभव

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर संभाग में 23 से बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश संभव


जयपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नए पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार से बीकानेर संभाग व उसके आस-पास के शहरों के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसके असर से 23 व 24 को तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं प्रदेश के 16 शहरों का बुधवार रात का पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, पिलानी, सीकर, कोटा, चित्तौडग़ढ़, डबोक, माउंट आबू, नागौर, डूंगरपुर, सिरोही, फतेहपुर और करौली सहित कुछ अन्य शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे रहा। इससे यहां पर सुबह-शाम आमजन को हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है। 14.3 डिग्री के साथ माउंट आबू की रात सबसे सर्द रही। गुरुवार को जैसलमेर शहर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के पारे में हल्की बढ़ोतरी और रात के पारे में हल्की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि गुरुवार को जैसलमेर, फलोदी व आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 23-24 अक्टूबर को पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग व आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन, तेज हवाओं 30-40 किमी प्रतिघंटा के साथ हल्की बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। बुधवार को दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में प्रतापगढ़ जिले में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई व राज्य के शेष भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। बुधवार को सबसे ज्यादा बारिश प्रतापगढ़ में 11.5 मिमी दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765155 Articles

Share this story