बीकानेर रेल मंडल पर ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की थीम पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर रेल मंडल पर ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की थीम पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ


बीकानेर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल पर सोमवार को ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की थीम पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में उपस्थित शाखाधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा नैतिक मूल्यों का पालन करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने अपने संबोधन में कहा कि भ्रष्टाचार देश की आर्थिक, राजनीतिक एवं सामाजिक प्रगति में प्रमुख बाधाओं में से एक है। इसे समाप्त करने के लिए सरकार, नागरिकों और निजी क्षेत्र सहित सभी हितधारकों को सामूहिक रूप से प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रेलवे जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक सेवा संगठन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही का विशेष महत्व है। प्रत्येक रेलकर्मी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति विकसित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वयं का उदाहरण प्रस्तुत करना होगा। इसके लिए प्रभावी सतर्कता व्यवस्था, सुदृढ़ आचार संहिता तथा नैतिक कार्यप्रणाली को अपनाना आवश्यक है। संगठन के प्रत्येक स्तर पर ईमानदारी और पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए भ्रष्ट आचरण के प्रति शून्य सहनशीलता का दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नैतिक व्यावसायिक प्रथाओं को बढ़ावा देने, रिश्वत न लेने और न देने, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के उच्चतम मानकों का पालन करने तथा प्रासंगिक कानूनों, नियमों एवं विनियमों के अनुरूप कार्य करने की शपथ ली। साथ ही, संगठन में ईमानदारी और निष्ठा की संस्कृति को सुदृढ़ करने, शिकायतों के निवारण के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने, अनियमितताओं एवं धोखाधड़ी से संबंधित मामलों की रिपोर्टिंग को प्रोत्साहित करने तथा सभी हितधारकों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा करने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल, अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेन्द्र सिंह चौधरी, मंडल कार्मिक अधिकारी महेन्द्र सिंह नेगी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विद्युत (सामान्य) आदित्य लेघा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी, सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कैलाश ढिल्लौर सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767204 Articles

Share this story