बीकानेर में धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, उमड़े श्रद्धालु
बीकानेर, 19 जुलाई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) बीकानेर के तत्वावधान में रविवार को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन किए तथा भजन-कीर्तन के साथ यात्रा में शामिल हुए।
रथयात्रा का शुभारंभ नथूसर गेट से हुआ। इसमें इस्कॉन जोधपुर मंदिर के अध्यक्ष सुंदर लाल प्रभुजी सहित जोधपुर से आए अनेक भक्त भी शामिल हुए। यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई अग्रसेन भवन के सामने पहुंची।
इस्कॉन बीकानेर के केंद्र प्रभारी संकर्षण प्रिय दास ने भगवान श्री जगन्नाथ की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि कलयुग में भगवान जगन्नाथ आराध्य देव हैं। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु किसी कारणवश मंदिर नहीं पहुंच पाते, उनके दर्शन के लिए भगवान स्वयं रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करते हैं। उन्होंने इसकी तुलना चिकित्सक से करते हुए कहा कि जिस प्रकार गंभीर रोगी के पास चिकित्सक स्वयं पहुंचता है, उसी प्रकार भगवान जगन्नाथ अपने भक्तों का कल्याण करने के लिए स्वयं उनके बीच आते हैं।
रथयात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। कई स्थानों पर रंगोली सजाई गई तथा श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ को पुष्प अर्पित कर दर्शन किए।
अग्रसेन भवन के सामने रथयात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए भगवान श्री जगन्नाथ का महाप्रसाद वितरित किया गया।
इस्कॉन के पदाधिकारियों ने बताया कि रथयात्रा से पूर्व प्रतिदिन प्रातःकाल हरे कृष्ण महामंत्र के साथ नगर संकीर्तन निकाला गया, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस आयोजन से जुड़ सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

