बीकानेर में 27 दिसंबर को होगी पहली मैराथन, चार श्रेणियों में दौड़ेंगे प्रतिभागी
बीकानेर, 04 नवंबर (हि.स.)। बीकानेर में पहली बार मैराथन का आयोजन 27 दिसंबर को किया जाएगा। बीकानेर रन क्लब की ओर से जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, बीकानेर विकास प्राधिकरण और पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित होने वाली इस मैराथन में दो किलोमीटर से लेकर 21 किलोमीटर तक की दौड़ रखी गई है। आयोजन का उद्देश्य शहर में फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ बीकानेर की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति, पर्यटन और खान-पान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
आयोजन की जानकारी बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस विभाग के वृत्ताधिकारी (शहर) अनुज डाल, विकास सिंह और बीकानेर रन क्लब के संस्थापक ईशान शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि मैराथन में प्रतिभागियों के लिए दो किलोमीटर, पांच किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की चार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। दो किलोमीटर की फन रन में प्रतिभागियों को टी-शर्ट दी जाएगी, जबकि पांच, 10 और 21 किलोमीटर की दौड़ में शामिल होने वालों को टी-शर्ट, मेडल, टाइमिंग बिब और रिफ्रेशमेंट की सुविधा मिलेगी।
मैराथन की शुरुआत 27 दिसंबर को सुबह पांच बजे होटल लक्ष्मी निवास पैलेस से होगी। निर्धारित मार्ग के अनुसार धावक म्यूजियम चौराहा, हल्दीराम प्याऊ, सागर और नापासर सर्किल सहित शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरेंगे और दौड़ पूरी कर वापस होटल लक्ष्मी निवास पैलेस पहुंचेंगे।
आयोजकों ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धावकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। मैराथन के माध्यम से बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों को नियमित व्यायाम और फिटनेस गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
बीकानेर रन क्लब के अनुसार यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके माध्यम से शहर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को भी व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि मैराथन बीकानेर को फिटनेस, खेल और पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

