बीकानेर की सफाई और रोशनी व्यवस्था पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने महापौर को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर की सफाई और रोशनी व्यवस्था पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने महापौर को लिखा पत्र


बीकानेर, 09 नवंबर (हि.स.)। बीकानेर शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण, रोड लाइटों की उपलब्धता और दीपावली पर बाजारों की सजावट में कथित क्षेत्रीय भेदभाव को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं नगर निगम पार्षद डॉ. सुरेन्द्र सिंह ने महापौर अनिल कल्ला को पत्र लिखा है। उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शहर की बुनियादी सुविधाओं में तत्काल सुधार की मांग की है।

डॉ. सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि नगर निगम की पहली साधारण सभा को 25 दिन बीत चुके हैं। सभा में दीपावली के अवसर पर शहर की सफाई, सीवरेज और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने का प्रमुख एजेंडा था, लेकिन अब तक धरातल पर कोई संतोषजनक सुधार दिखाई नहीं दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि घर-घर कचरा संग्रहण के लिए नियुक्त नई कंपनी आवश्यक संसाधन जुटाने और व्यवस्था सुचारू करने में विफल रही है। शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। कई वार्डों में कचरा संग्रहण वाहन नियमित रूप से नहीं पहुंच रहे हैं और ट्रैक्टरों की उपलब्धता भी सुनिश्चित नहीं हो पा रही है।

डॉ. सिंह ने महापौर को दीपावली से पहले प्रत्येक वार्ड में 100 रोड लाइट उपलब्ध करवाने के आश्वासन की याद दिलाते हुए कहा कि इस दिशा में अब तक अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करना नगर निगम की बुनियादी जिम्मेदारी है।

डॉ. सिंह ने दीपावली पर बाजारों की सजावट में पूर्व और पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के बीच कथित भेदभाव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बाजारों में सजावट करवाई गई, जबकि पूर्व विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा की गई। उन्होंने कहा कि यह स्थिति नगर निगम की निष्पक्ष कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि महापौर पूरे बीकानेर शहर के होते हैं, किसी एक विधानसभा क्षेत्र के नहीं। शहर के विकास, सफाई, रोशनी और सौंदर्यीकरण में क्षेत्रीय भेदभाव स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक नागरिक समान सुविधाओं और सम्मान का अधिकारी है।

डॉ. सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल कमियां गिनाना नहीं, बल्कि शहर की व्यवस्थाओं में वास्तविक सुधार सुनिश्चित करवाना है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीकानेर के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित हैं। केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, विधायक जेठानंद व्यास और विधायक सिद्धि कुमारी के नेतृत्व में सभी बीकानेर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि नगर निगम शहरहित में जो भी ठोस और जनहितकारी कदम उठाएगा, उसमें उनका पूरा सहयोग रहेगा, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी और क्षेत्रीय भेदभाव पर चुप नहीं रहा जा सकता।

डॉ. सिंह ने महापौर से सभी वार्डों में नियमित कचरा संग्रहण, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, रोड लाइटों के आश्वासन को पूरा करने और पूर्व विधानसभा क्षेत्र के बाजारों में सजावट की कमी दूर करने की मांग की। उन्होंने उम्मीद जताई कि महापौर पत्र को सकारात्मक रूप से लेते हुए नगरहित में आवश्यक निर्णय करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story