बारिश का दौर थमने से चढऩे लगा दिन का पारा, रात का पारा गिरा

WhatsApp Channel Join Now
बारिश का दौर थमने से चढऩे लगा दिन का पारा, रात का पारा गिरा


जयपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में बारिश का दौर थमने लगा है। इससे प्रदेश के शहरों के दिन के पारे में बढ़ोतरी और रात के पारे में गिरावट आने लगी है। राजस्थान में अब तक सामान्य से 21 फीसदी कम बारिश हुई है। हालांकि शुक्रवार को माउंट आबू और डूंगरपुर में हल्की बारिश दर्ज की गई, बाकी शहर सूखे रहे। आगामी सात दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और पारे में बढ़ोतरी की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बारिश का दौर धीमा रहने से प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक का उछाल दर्ज किया गया। जयपुर में दिनभर छितराए बादल छाए रहे और धूप खिली। इससे उमस भरा माहौल बना रहा। इससे आमजन परेशान नजर आए। जयपुर का अधिकतम तापमान 35.4 और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 39.8 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी एक सप्ताह बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर व कोटा संभाग के अधिकांश भागों में कमजोर मानसून परिस्थितियां दर्ज होने तथा मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में केवल छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 3-4 सितंबर से पूर्वी व उत्तरी राजस्थान के कुछ भागों में पुन: बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। गुरुवार को पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story