बारिश-ओलावृष्टि से 10 डिग्री तक गिरा प्रदेश के शहरों का पारा

WhatsApp Channel Join Now
बारिश-ओलावृष्टि से 10 डिग्री तक गिरा प्रदेश के शहरों का पारा


जयपुर, 16 मार्च (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई शहरों में बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। इससे प्रदेश के शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के शहरों के तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। 18 मार्च को एक और मजबूत पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 18 से 21 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश देखने को मिलेगी।

मौसम विभाग के अनुसार 11 डिग्री के साथ फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही। जोधपुर के रात के तापमान में 10.3 और श्रीगंगानगर के दिन के तापमान में सबसे ज्यादा 4.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। तीन शहरों को छोड़कर बाकी का दिन का तापमान 37 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 38.6 डिग्री के साथ चित्तौडग़ढ़-बाड़मेर का दिन और 23.4 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। फलौदी के अलावा पाली, कोटा और बाड़मेर का रात का तापमान 20 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 18 से 21 मार्च एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। रविवार को प्रदेश के कई भागों में मेघगर्जन, हल्की बारिश के प्रभाव से तापमान में 2-4 डिग्री गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। 17 मार्च को राज्य में मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 18-21 मार्च के दौरान सक्रिय होने तथा कहीं-कहीं मेघगर्जन, तेज आंधी (40-50 किमी प्रतिघंटा) व बारिश होने की प्रबल संभावना है। 18 मार्च को जोधपुर, बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन, आंधी के साथ हल्की बारिश, शेष भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। 19-20 मार्च को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहने तथा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी (40-50 किमी प्रतिघंटा) व बारिश होने की संभावना है।

जयपुर में रविवार को हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। इसके बाद चली हवाओं से रात के पारे में 4 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर के दिन के तापमान में भी करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को धूप में तीखापन कम नजर आया। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.9 और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story