बदलाव : स्टेशन सुपरिटेंडेंट अब बनेंगे स्टेशन मैनेजर
जोधपुर, 24 अपै्रल (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने ग्रुप सी के स्टेशन सुपरिटेंडेंट पद के नाम में बदलाव करते हुए इसे अधिक प्रबंधकीय स्वरूप दे दिया है। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए पदनाम को संशोधित करने का निर्णय लिया है।
बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार 4600 रुपये ग्रेड पे (लेवल-7) वाले स्टेशन सुपरिटेंडेंट का पदनाम अब उप स्टेशन प्रबंधक और 4800 रुपए ग्रेड पे (लेवल-8) वाले का पदनाम स्टेशन प्रबंधक कर दिया गया है। हालांकि रेलवे ने आदेश में स्पष्ट किया है कि इस बदलाव से कर्मचारियों के वेतन, कार्य, जिम्मेदारियों, वरिष्ठता, भर्ती प्रक्रिया या पदोन्नति के अवसरों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। केवल पद का नाम बदला गया है। रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (वेतन आयोग एवं एचआरएमएस) जया कुमार द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि यह निर्णय ट्रैफिक ट्रांसपोर्टेशन निदेशालय से परामर्श के बाद लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

