फ्रेंच भाषा में विदेशी पर्यटकों से संवाद कर रहे राजस्थान पुलिस के जवान

WhatsApp Channel Join Now
फ्रेंच भाषा में विदेशी पर्यटकों से संवाद कर रहे राजस्थान पुलिस के जवान


जयपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को सुरक्षित, सहज और मित्रवत माहौल उपलब्ध कराने के लिए राजस्थान पुलिस अपने जवानों को विदेशी भाषाओं में दक्ष बना रही है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर पर्यटन सहायता बल (टीएएफ),जयपुर कमिश्नरेट और जोधपुर कमिश्नरेट के 22 चयनित पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को फ्रेंच भाषा का एक माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण पेशेवर फ्रेंच भाषा शिक्षकों की ओर से दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों को विदेशी पर्यटकों से सीधे संवाद करने और उनकी जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने में सक्षम बनाना है।

प्रशिक्षण के 15 दिन पूरे होने के बाद टीएएफ के एक जवान ने अल्बर्ट हॉल संग्रहालय के पास फ्रांसीसी पर्यटकों से फ्रेंच भाषा में बातचीत की। भाषा सीख रहे जवान ने अभ्यास के दौरान पर्यटकों से उनका परिचय, उम्र और यात्रा के अनुभवों के बारे में बात की। जवान के प्रयास से विदेशी पर्यटक प्रभावित और खुश नजर आए।

राजस्थान पुलिस की ओर से अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए एक समर्पित सोशल मीडिया मंच भी तैयार किया जा रहा है। इसके माध्यम से पर्यटकों को जरूरी जानकारी और सहायता देने के साथ पुलिस के सकारात्मक कार्यों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

इस पहल से राजस्थान में पर्यटन पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और पेशेवर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। भाषा प्रशिक्षण के जरिए पुलिसकर्मी विदेशी पर्यटकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर सकेंगे, जिससे उनकी यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760910 Articles

Share this story