प्रेमी जोड़े ने कीटनाशक पीकर दी जान देने की कोशिश, हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
प्रेमी जोड़े ने कीटनाशक पीकर दी जान देने की कोशिश, हालत गंभीर


नागौर, 29 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मारवाड़ मुंडवा क्षेत्र में बुधवार सुबह एक प्रेमी जोड़े द्वारा कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। दोनों की हालत बिगड़ने पर युवक ने अपने छोटे भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार युवक और युवती पड़ोसी गांवों के निवासी हैं। युवती पिछले दो दिनों से अपने घर से लापता थी, जिसकी सूचना उसके परिजनों ने मंगलवार शाम को पुलिस को दी थी। बताया जा रहा है कि दोनों मंगलवार रात गांव के पास एक खेत में रुके हुए थे और बुधवार सुबह खेतों में छिड़काव में उपयोग होने वाला कीटनाशक पी लिया।

जहर सेवन के कुछ ही देर बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। युवती की हालत तेजी से गंभीर हो गई, जबकि युवक को उल्टियां शुरू हो गईं। स्थिति बिगड़ने पर युवक ने अपने छोटे भाई को फोन कर पूरी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही युवक के परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया।

एंबुलेंस कर्मियों ने दोनों को गंभीर अवस्था में मारवाड़ मुंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को नागौर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मारवाड़ मुंडवा थाने के एएसआई पुरबाराम हुड्डा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने यह कदम उठाया हो सकता है।

सीएचसी के डॉ. राकेश सिरोही ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के समय दोनों की हालत गंभीर थी।

मेडिकल टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर भेजना पड़ा। चिकित्सकों के अनुसार युवती की हालत युवक की तुलना में अधिक नाजुक बनी हुई है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोनों परिवारों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story