प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: डॉ. किरोड़ीलाल मीणा

WhatsApp Channel Join Now
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: डॉ. किरोड़ीलाल मीणा


प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: डॉ. किरोड़ीलाल मीणा


जयपुर, 29 मई (हि.स.)। कृषि एवं बागवानी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा है कि राज्य सरकार राजस्थान में कृषि अवसंरचना को मजबूत बनाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कृषि विकास का व्यापक रोडमैप जल्द तैयार किया जाएगा, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक आधुनिक एवं लाभकारी बनाने की दिशा में कार्य किया जा सके।

डॉ. मीणा शुक्रवार को नई दिल्ली के पूसा में आयोजित राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में राजस्थान का पक्ष रख रहे थे। सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। इस दौरान देशभर से आए कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

सम्मेलन में डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि कृषि उत्पादकता वृद्धि, जलवायु-अनुकूल खेती, प्राकृतिक खेती, दलहन-तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता और डिजिटल कृषि जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।

उन्होंने राजस्थान सरकार की ओर से किसानों के हितों, कृषि अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव और अनुभव साझा किए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत-समृद्ध किसान” के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं। किसानों की आय बढ़ाने, खेती को तकनीक से जोड़ने और प्रदेश के अन्नदाता को अधिक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

डॉ. मीणा ने बताया कि सम्मेलन में किसानों को समय पर खाद, बीज और पेस्टीसाइड उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। इस संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए, जिन पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story