प्रदेश में गर्मी ने पकड़ी रफ्तार, 21 शहरों का पारा 35 डिग्री पार; बाड़मेर सबसे गर्म

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश में गर्मी ने पकड़ी रफ्तार, 21 शहरों का पारा 35 डिग्री पार; बाड़मेर सबसे गर्म


जयपुर, 04 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में गर्मी ने मार्च की शुरुआत के साथ ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सूरज की तपिश बढ़ने से दिन के साथ अब रात में भी गर्माहट महसूस की जा रही है। बुधवार को राज्य के 21 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार अगले 2 से 3 दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। दिन के समय गर्मी और तेज हो सकती है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बाड़मेर के अलावा जयपुर, अजमेर, वनस्थली, पिलानी, कोटा, चित्तौड़गढ़, डबोक, जैसलमेर, फलौदी, करौली, दौसा, लूणकरणसर, पाली, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, नागौर, डूंगरपुर, जालौर और फतेहपुर में भी दिन का पारा 35 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। वहीं पांच शहरों में रात का तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। जयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, फलौदी और बीकानेर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया, जिससे रात में भी गर्मी का एहसास बना रहा।

राजधानी जयपुर में भी गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। यहां अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर के अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गर्मी बढ़ने के कारण लोगों ने अब घरों में पंखे चलाना शुरू कर दिया है। दोपहर के समय धूप में तीखापन साफ महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे दिन के समय गर्मी और अधिक प्रभावी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story