पुलिसकर्मियों को दिया भीड़ और दंगा नियंत्रण का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
पुलिसकर्मियों को दिया भीड़ और दंगा नियंत्रण का प्रशिक्षण


जोधपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी पंचायतीराज चुनाव 2026 के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिला जोधपुर ग्रामीण की पुलिस लाइन दईजर में पुलिसकर्मियों के लिए भीड़ नियंत्रण, दंगा नियंत्रण एवं बलवा परेड का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वरलाल के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।

आरआई अशोक कुमार तथा लाइन मेजर झूमरलाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला जोधपुर ग्रामीण के विभिन्न पुलिस थानों, पुलिस लाइन, आईआरएफ में पदस्थापित पुलिसकर्मियों तथा एसटीएफ के जवानों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी (आरएसी) के प्रशिक्षित जवानों ने पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, दंगा नियंत्रण और बलवा परेड का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इसमें भीड़ एवं बलवा जैसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने, आवश्यक पुलिस कार्रवाई करने तथा विषम परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं का अभ्यास करवाया गया।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी पंचायतीराज चुनाव के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस बल की कार्यक्षमता, तत्परता और समन्वय को मजबूत करना है। पुलिसकर्मियों को इस तरह तैयार किया जा रहा है, ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटते हुए शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760701 Articles

Share this story