पुलिस कमिश्नर ने सुनी आमजन की फरियाद: पुलिस अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस कमिश्नर ने सुनी आमजन की फरियाद: पुलिस अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश


जयपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शनिवार को पुलिस थाना प्रताप नगर में जनसुनवाई की। इस दौरान सांगानेर सर्किल के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए परिवादियों की परिवेदनाएं सुनकर कई मामलों में मौके पर ही राहत दिलाई गई। साथ ही, शेष प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में प्रताप नगर, सांगानेर, मालपुरा गेट और रामनगरिया थाना क्षेत्रों से आए परिवादियों ने अपनी बात सीधे पुलिस आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत कीं। प्रत्येक परिवाद की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, संवेदनशील और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस कमिश्नर मित्तल ने कहा कि थाना स्तर पर नियमित जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन को बिना अनावश्यक विलंब के राहत उपलब्ध कराना और पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए पीड़ित को समय पर न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।

जनसुनवाई के दौरान आपसी विवाद, पारिवारिक प्रकरण, भूमि एवं संपत्ति संबंधी विवाद, अवैध कब्जे, चोरी, मारपीट सहित विभिन्न मामलों में परिवाद प्राप्त हुए। सभी प्रकरणों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशंस) ओमप्रकाश, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (अपराध) अजय सिंह, पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजीता शर्मा सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि जयपुर पुलिस कमिश्नर मित्तल द्वारा पूर्व में एसीपी कार्यालय झोटवाड़ा, सामुदायिक भवन सांगानेर, पुलिस थाना शिप्रापथ, विद्याधर नगर, भांकरोटा, बस्सी, शिवदासपुरा, चौमूं, आमेर, रामगंज, चित्रकूट, मालवीय नगर एवं जामडोली में भी जनसुनवाई आयोजित कर आमजन को राहत प्रदान की जा चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story