पुलिस कमिश्नर ने सुनी आमजन की पीड़ा:शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस कमिश्नर ने सुनी आमजन की पीड़ा:शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश


जयपुर, 28 मार्च (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शनिवार को बस्सी थाने में जनसुनवाई कर परिवादियों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश भी दिए।

इस दौरान विशेष पुलिस कमिश्नर ऑपरेशंस ओम प्रकाश, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (अपराध) अजय सिंह, पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पूर्व आलोक सिंघल एवं सहायक पुलिस कमिश्नर बस्सी विनय कुमार(आईपीएस) व संबंधित एसएचओ और थाने के अधिकारी उपस्थित रहे।

कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान कई परिवादियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया है। उन्होंने कहा कि आमजन को राहत देने के लिए थाना स्तर में प्रतिदिन जनसुनवाई की जा रही है।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र में आपसी मुकदमें, पारिवारिक विवाद, जमीनी विवाद, मकानों पर कब्जे, अवैध कब्जे, चोरी, मारपीट सहित अन्य शिकायतें प्राप्त हुई। उन्होंने सभी शिकायतों की जांच कर कम से कम समय में निश्चित समयावधि में निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबधित अधिकारियों को परिवादियों की समस्याओं का तुरंत रिस्पॉन्स देने और निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान बस्सी सर्किल के बस्सी, कानोता एवं तूंगा पुलिस थाना क्षेत्र के परिवादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस कमिश्नर को बताकर समाधान पाया।

जनसुनवाई की खास बात यह रही कि परिवादियों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाता है। समय लगने वाली अन्य समस्याओं के जल्द समाधान के लिए भी निर्देश दिया जाता है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व पुलिस कमिश्नर द्वारा एसीपी कार्यालय झोटवाड़ा, सामुदायिक भवन सांगानेर, पुलिस थाना शिप्रापथ, विद्याधर नगर एवं भांकरोटा में जनसुनवाई कर परिवादियों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story