पांच और मुमुक्षु ने ग्रहण की जैन दीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
पांच और मुमुक्षु ने ग्रहण की जैन दीक्षा


जोधपुर, 09 दिसम्बर (हि.स.)। श्री साधुमार्गी जैन परम्परा के राष्ट्रीय संत आचार्य रामेश के आशीर्वाद से देशभर से आ रहे युवाओं में दीक्षा ग्रहण करने का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक 500 से अधिक मुमुक्षु आत्माएं आचार्य रामेश के सान्निध्य में दीक्षित हो चुकी हैं।

आचार्य रामेश की प्रेरणा से 16 अक्टूबर 2023 को संयम शतम महोत्सव की घोषणा की गई थी। इसी के तहत बीकानेर के गंगाशहर-भीनासर में एक विशेष दीक्षा समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें 5 मुमुक्षुओं को जैन भागवती दीक्षा प्रदान की गई। इनमें राखी चौरडिय़ा, आयुष कोठारी, मनीषा छाजेड़, आकांक्षा पोखरना और कुमकुम तातेड़ शामिल है।

आचार्य रामेश ने दीक्षा के इस महत्वपूर्ण अवसर पर कहा कि साधुता ही मोक्ष का प्रवेश द्वार है। सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान और सम्यक चारित्र ये तीनों मिलकर मोक्ष का मार्ग बनाते हैं। उन्होंने कहा कि आज भव्य आत्माएं संयम के मार्ग पर आ रही हैं, और इस दीक्षा कार्यक्रम से सभी में संयम की प्रेरणा जागृत होगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी दर्शनार्थियों ने खड़े होकर मुमुक्षुओं को दीक्षा देने की सहमति प्रदान की। दीक्षा के बाद आचार्य रामेश ने दीक्षितों का नामकरण किया, जिसमें सभी नाम राम शब्द से प्रारंभ होते हैं। इस दीक्षा समारोह में उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि महाराज एवं अन्य साधु-साध्वीजन उपस्थित थे, और कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता महेश नाहटा ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story