पहली बार पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना
जोधपुर, 15 अपै्रल (हि.स.)। एक मई से देश भर में शुरू होने वाले जनगणना 2027 कार्यक्रम को लेकर बुधवार से नगर निगम सभागार में फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ।
नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि पहली बार जनगणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है। जनगणना का पहला चरण एक मई से शुरू होकर 14 जून तक संचालित किया जाएगा। नगर निगम जोधपुर क्षेत्र में जनगणना कार्य के सफल संचालन के लिए नियुक्त फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से शुरू हुआ जो 17 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। नगर निगम कार्यालय स्थित सभा कक्ष में प्रतिदिन सुबह 9.30 से सायं 6 बजे तक यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चलेगा। इस दौरान कुल 37 फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना कार्य की समस्त प्रक्रियाओं एवं सीएमएमएस पोर्टल पर कार्य निष्पादन की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन जनगणना कार्य निदेशालय, जयपुर द्वारा प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों एवं संबंधित संस्था प्रधान के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला जनगणना प्रकोष्ठ के साथ पृथक कंट्रोल रूम की स्थापना
जनगणना 2027 की तैयारियों के क्रम में जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग जोधपुर मीनाक्षी चौधरी द्वारा बुधवार को कार्यालय स्तर पर एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में चौधरी ने अवगत कराया कि जनगणना 2027 के सुचारू एवं प्रभावी संपादन के लिए जिला जनगणना प्रकोष्ठ के साथ पृथक रूप से एक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिससे समस्त गतिविधियों का समन्वय एवं निगरानी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि आमजन में जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग के सहयोग से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत दिनांक एक मई से 15 मई तक स्व-गणना तथा 16 मई से 14 जून तक जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य संपादित किया जाएगा।
कार्ययोजना के अनुसार जिले के समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों में पोस्टर निर्माण, रंगोली, स्लोगन, निबंध, मेहंदी प्रतियोगिता तथा नुक्कड़ नाटक जैसे विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों के माध्यम से परिवार एवं समाज स्तर पर व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त ग्राम एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाली बैठकों एवं सभाओं के माध्यम से भी स्व-गणना एवं जनगणना के प्रथम चरण के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इन कार्यक्रमों में जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ जनगणना के नारे जनगणना से जनकल्याण तक तथा मास्कोट प्रगति एवं विकास के बारे में भी आमजन को अवगत कराया जाएगा। बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे समन्वित प्रयासों के माध्यम से जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

