पश्चिमी विक्षोभ से श्रीगंगानगर में सुबह हुई हल्की बारिश, दस से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिमी विक्षोभ से श्रीगंगानगर में सुबह हुई हल्की बारिश, दस से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट


पश्चिमी विक्षोभ से श्रीगंगानगर में सुबह हुई हल्की बारिश, दस से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट


जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट लेना शुरू कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बादल छाने के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है। शनिवार सुबह श्रीगंगानगर में हल्की बारिश हुई, वहीं आसपास के जिलों में ठंडी हवा चलने से मौसम में ठिठुरन बढ़ गई।

मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में बारिश और तेज हवा का यलो अलर्ट जारी किया है।

इससे पहले शुक्रवार को बीकानेर संभाग के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू सहित कई इलाकों में दोपहर बाद हल्के बादल छाए रहे। फलोदी और जैसलमेर में भी मौसम में बदलाव देखने को मिला। जोधपुर और जैसलमेर के कुछ हिस्सों में दोपहर के समय बादल छाए, हालांकि बारिश नहीं हुई। ठंडी हवा और बादलों के असर से कई इलाकों में दिन के तापमान में करीब एक डिग्री तक गिरावट आ गई।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, फलोदी, जैसलमेर और झुंझुनूं के कई हिस्सों में दोपहर बाद बादल छाए। हवा में ठंडक बढ़ने से दिन में भी मौसम सुहाना रहा। शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बाड़मेर में भी अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री रहा।

मौसम में बदलाव का असर रात के तापमान पर भी दिखा। कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान गिरा तो कुछ जगह बढ़ोतरी हुई।

प्रदेश में सबसे ठंडी रात माउंट आबू में रही, जहां न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया। सिरोही में न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 14 नवंबर को प्रदेश के 6 जिलों में बादल छाने, तेज हवा चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 15 नवंबर को 8 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 16 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के साथ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। इससे प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776780 Articles

Share this story