पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, आंधी-बारिश के बीच उमस से लोग परेशान
जयपुर, 12 जून (हि.स.)। प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया है। कई क्षेत्रों में हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन उमस के चलते लोगों को राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए प्रदेश के 16 शहरों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि बीकानेर में न्यूनतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। प्रदेश के 10 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, जबकि आठ शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। जैसलमेर के अलावा फलौदी, बीकानेर, चूरू, सीकर, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, फतेहपुर, लूणकरणसर और पाली में भी दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि गुरुवार को राज्य के पूर्वी भाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा तथा पश्चिमी भाग में मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में हीट वेव और गर्म रात की स्थिति भी बनी रही। उन्होंने बताया कि श्रीगंगानगर तहसील में सर्वाधिक 52 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि अलवर में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में 13 और 14 जून को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
जयपुर में पांच डिग्री तक लुढ़का तापमान
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी जयपुर में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के तापमान में 1.5 डिग्री तथा रात के तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।सुबह के समय ठंडी हवाओं से लोगों को राहत मिली, लेकिन दोपहर बाद बढ़ी उमस और गर्मी ने फिर से लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में भी आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रहने से तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

