पश्चिमी विक्षोभ के असर से पांच जिलों में बारिश और लूणकरणसर में गिरे ओले

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिमी विक्षोभ के असर से पांच जिलों में बारिश और लूणकरणसर में गिरे ओले


जयपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। रविवार को बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर सहित कई इलाकों में बारिश हुई। बीकानेर जिले के लूणकरणसर में ओले भी गिरे। बारिश और ठंडी हवा के चलते तापमान में गिरावट आ गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग ने 13 से 15 अक्टूबर तक प्रदेश के बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में आंधी तथा बारिश की गतिविधियां होने की संभावना जताई है।

श्रीगंगानगर जिले में बारिश का असर अधिक देखने को मिला। करणपुर में सर्वाधिक 20 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि श्रीगंगानगर शहर में 18, हिंदूमलकोट में 18.6, केसरीसिंहपुर में 17 और मिर्जेवाला में 14 मिलीमीटर वर्षा हुई। वहीं, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू और झुंझुनूं के कुछ इलाकों में रविवार देर शाम बादल छाने के बाद तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई।

लूणकरणसर में ओले गिरने से मौसम में अचानक ठंडक बढ़ गई।

मौसम केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में एक और मौसम तंत्र सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक बीकानेर संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र में मौसम प्रभावित रह सकता है। 13 अक्टूबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर और चूरू में बादल छाने तथा कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 13 से 15 अक्टूबर तक संबंधित क्षेत्रों के लिए आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

बारिश के बाद प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान में गिरावट आ गई। श्रीगंगानगर में दिन का तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा। चूरू, बीकानेर, सीकर और पिलानी में भी तापमान 3 से 5 डिग्री तक नीचे आ गया।

प्रदेश में रविवार को फलोदी में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 36.8, जैसलमेर में 36.2, जोधपुर और भीलवाड़ा में 36, कोटा में 35.8, नागौर में 35.5, बाड़मेर में 35.4, बीकानेर में 35.2 तथा सीकर और अजमेर में 35 डिग्री सेल्सियस मापा गया। उदयपुर में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री रहा।

राजधानी जयपुर में रविवार को दिन और रात के तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट मापी गई। हल्की हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। जयपुर में अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story