पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से आधा दर्जन शहरों में बारिश, श्रीगंगानगर में ओले गिरे

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से आधा दर्जन शहरों में बारिश, श्रीगंगानगर में ओले गिरे


जयपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश का मौसम बदला नजर आया। श्रीगंगानगर, झुंझुनूं, बीकानेर , चूरू सहित कुछ अन्य शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ ओले गिरे। पदमपुर सहित आस-पास के क्षेत्र में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। पदमपुर की धानमंडी में खुले में पड़ी किसानों की जींस भीगने से किसानों में आक्रोश है। आक्रोशित किसान पदमपुर के कृषि उपज मंडी समिति कार्यालय पहुंचे और धानमंडी में जगह के अभाव का आरोप लगाया। जैसलमेर में आंधी चली। झुंझुनूं, बीकानेर और चूरू में दोपहर बाद मौसम बदला और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। 38.3 डिग्री के साथ कोटा का दिन और 25.6 डिग्री के साथ जयपुर की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 3-4 अप्रेल को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। गुरुवार को दोपहर बाद जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी व बीकानेर संभाग के जिलों व आसपास के क्षेत्र में आंधी बारिश की गतिविधियां दर्ज की गई। आगामी मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का सर्वाधिक प्रभाव 3-4 अप्रैल को दर्ज होने तथा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में पुन: तेज मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश (40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा) होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 7-8 अप्रेल को कुछ भागों में सक्रिय होने की संभावना है।

जयपुर में गुरुवार को मौसम बदला नजर आया। जयपुर में दिनभर हल्के से मध्यम बादल छाए रहे और बादलों के बीच से धूप की आंख मिचौली भी देखने को मिली। इससे जयपुर के पारे में उछाल दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के तापमान में तीन और रात के तापमान में करीब 4 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story