परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस


जयपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। नीट एवं सीबीएसई परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और नई दिल्ली में छात्रों तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस सांसदों पर हुई कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस 25 जुलाई को राजस्थान सहित देशभर में कैंडल मार्च और सत्याग्रह आयोजित करेगी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को शनिवार शाम विशाल कैंडल मार्च, मशाल जुलूस और सत्याग्रह आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीट एवं सीबीएसई परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं के विरोध में पूरे देश में आंदोलन चल रहा है। नई दिल्ली में छात्रों तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस सांसदों पर की गई कार्रवाई के विरोध में यह सत्याग्रह छात्रों और देश के युवाओं के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के उद्देश्य से किया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता गंभीर रूप से प्रभावित हुई है और केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की रक्षा करने में विफल रही है। कांग्रेस इस मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग करेगी।

प्रदेशभर में जिला कांग्रेस कमेटियों के नेतृत्व में आयोजित होने वाले कैंडल मार्च एवं मशाल जुलूस का समापन संबंधित जिला मुख्यालयों पर महात्मा गांधी या डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह के साथ किया जाएगा। कांग्रेस ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story