परिवहन विभाग का आदेश निरस्त करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
परिवहन विभाग का आदेश निरस्त करने की मांग


जोधपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान अधीनस्थ कम्प्यूटर कर्मचारी संघ ने परिवहन विभाग में कार्यरत सूचना सहायकों के कार्य आवंटन को लेकर कड़ा विरोध जताया है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष कपिल चौधरी के नेतृत्व में यह विरोध परिवहन विभाग आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा और अपर परिवहन उपयुक्त ओम प्रकाश बुनकर के समक्ष किया गया।

हाल ही में जारी किए गए आदेश में सूचना सहायकों को जन-सामान्य से संबंधित कार्यों में अनियमितता का कारण बताया गया है, जिसे संघ ने पूरी तरह निराधार और अस्वीकार्य बताया है।

संघ का कहना है कि सूचना सहायक और सहायक प्रोग्रामर पिछले कई वर्षों से विभाग के विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल्स जैसे वाहन पंजीकरण, सारथी, ई-चालान, परमिट आदि से जुड़े तकनीकी कार्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि पहले के आदेशों के अनुसार सूचना सहायकों को केवल तकनीकी कार्य ही सौंपे जाने चाहिए, जबकि ऑफलाइन मंत्रालयिक कार्य मंत्रालयिक कर्मचारियों को सौंपे जाने का प्रावधान है।

वर्तमान आदेश इसके विपरीत है, जिसे संघ ने अनुचित और गलत करार दिया। संघ ने सरकार और विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि पूर्व के आदेशों के अनुसार कार्य आवंटन रोस्टर तैयार किया जाए, ताकि सूचना सहायकों को उनकी तकनीकी योग्यता के अनुसार कार्य सौंपे जाएं और भविष्य में किसी प्रकार की विसंगति उत्पन्न न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story